सुल्तानपुर। पंचायत कल्याण कोष कार्यकाल के दौरान मृत पंचायत प्रतिनिधियों के परिवारों के लिए सहारा बना है। पंचायतराज विभाग ने पांच साल में 159 परिवारों को आर्थिक मदद दी है। यह योजना वर्ष 2021 में शासन द्वारा शुरू की गई थी। प्रतिनिधियों की मौत पर आवेदन के बाद सत्यापन होता है। जिलाधिकारी की संस्तुति पर शासन से आर्थिक मदद मिलती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख के परिवार को 10 लाख रुपये मिलते हैं। जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिवार को तीन लाख रुपये दिए जाते हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के परिवार को दो लाख रुपये की सहायता मिलती है। जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि वर्ष 2021 से 159 प्रतिनिधियों के परिजनों को 5.42 करोड़ रुपये दिए गए। इनमें 26 ग्राम प्रधानों को 2.60 करोड़, 16 बीडीसी को 48 लाख और 117 ग्राम पंचायत सदस्यों को 2.34 करोड़ रुपये मिले हैं।