दीवानी न्यायालय में अधिवक्ताओं की लगी भीड़। स्रोत-सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को अग्रिम जमानत की सुनवाई के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ आए तीन युवकों की मौजूदगी पर अनहोनी की आशंका जताई। जिसके बाद कहासुनी तेज हो गई। माहौल बिगड़ता देख अन्य अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप किया।
इस दौरान तीनों युवक भागने लगे। एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि दो को अधिवक्ताओं ने दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों को नगर कोतवाली ले गई। देर शाम तक इस प्रकरण में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।
विवाद अमेठी के गौरीगंज थाना क्षेत्र के संभावा गांव में 30 जून को दर्ज मारपीट के मुकदमे से जुड़ा है। वादी ईश्वरचंद्र ने गांव के शिवराम सरोज, नीरज सरोज और संदीप सरोज पर खेत की मेड़ काटने के विवाद में लाठी-डंडों व फावड़े से हमला करने और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया था। आरोपी नीरज और संदीप की अग्रिम जमानत पर मंगलवार को एडीजे-चतुर्थ श्याम मोहन जायसवाल की अदालत में सुनवाई हुई। बहस पूरी न होने पर अदालत ने दोनों की अंतरिम अग्रिम जमानत 27 जुलाई तक बढ़ा दी।