पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियों केे ब्लॉकों से बूथों के लिए रवाना कर दिया गया। मंगलवार को 12 डीडीसी व 315 बीडीसी पदों के लिए बल्दीराय, कुड़वार व दूबेपुर विकास खंड में वोट डाले जाएंगे। चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने बूथों पर बड़ी संख्या में पुलिस एवं पीएसी तैनात की है। गड़बड़ी करने वालों से प्रशासन ने कठोर कार्रवाई का आदेश पुलिस को दिया है।
पंचायत के दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार को कराने के लिए सोमवार को ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियों केे रवाना कर दिया गया। मंगलवार को दूसरे चरण में तीन ब्लॉकों में 12 जिला पंचायत सदस्यों एवं 315 क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्डों के लिए 768 बूथों पर सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे।
दूसरे चरण का मतदान कराने के लिए बल्दीराय, कुड़वार व दूबेपुर ब्लॉक मुख्यालयों पर पोलिंग पार्टियों को बूथों की ड्यूटी दी गई। ड्यूटी आदेश के साथ ही पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री, मतपत्र, मतदाता सूची व बैलेट बॉक्स उपलब्ध कराया गया। दोपहर बाद आरक्षित वाहनों से पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया गया। देर रात तक पोलिंग पार्टियों के बूथों पर पहुंचने की खबर सेक्टर मजिस्ट्रेट व अधिकारी लेते रहे। प्रशासन ने देर शाम ही सभी पोलिंग पार्टियों के बूथों पर पहुंचने का दावा किया है।