तीसरे चरण का मतदान कराने के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवाना कर दिया गया। शनिवार की सुबह से तीसरे चरण के चार ब्लॉक क्षेत्रों में वोट पड़ेंगे। ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियों को आरक्षित वाहनों से रवाना करने के पूर्व उन्हें चुनाव सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने चारों ब्लॉकों का दौरा करके पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की व्यवस्था का जायजा लिया।
तीसरे चरण का मतदान अखंडनगर, दोस्तपुर, कादीपुर व करौंदीकलां में शनिवार को कराने के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान कार्मिकों को बूथों पर रवाना करने के पूर्व उन्हें चुनाव सामग्री का वितरण किया गया। ब्लॉकों पर कार्मिकों को ड्यूटी स्लिप व चुनाव सामग्री देकर उन्हें आरक्षित वाहनों से बूथों को भेजा गया। पोलिंग पार्टियों को मतदाता सूची, बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स आदि सभी चुनाव सामग्री वितरित की गई। मिलान के दौरान कुछ बूथों की चुनाव सामग्री में खामियां मिलीं।
इस दौरान ब्लॉकों पर कुछ अव्यवस्थाएं भी रहीं। वरिष्ठ अधिकारी कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी राम यज्ञ मिश्र ने अखंडनगर, दोस्तपुर, कादीपुर व करौंदीकलां ब्लॉक में पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों से पोलिंग पार्टियों के पहुंचने की सूचना भी मांगी। अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम, एसपी विनय कुमार यादव व प्रेक्षक जगदीश ने भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया। प्रशासन ने देर शाम तक सभी पोलिंग पार्टियों के बूथों पर पहुंचने का दावा किया है।