दूबेपुर (सुल्तानपुर)। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर उपकेंद्र के गभड़िया फीडर के सेनानी विहार कॉलोनी व जेल रोड मोहल्ले की बिजली आपूर्ति सोमवार रात भर ठप रही। इससे हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अहिमाने बाजार में लगे ट्रांसफार्मर का एक फेस सोमवार रात करीब आठ बजे खराब हो गया। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत उपकेंद्र पर की, लेकिन रात में खामी दूर नहीं की जा सकी। मंगलवार सुबह तक अहिमाने बाजार की आधी बस्ती बिजली-पानी के लिए परेशान रही।
पारेषण उपकेंद्र पयागीपुर से पकड़ी उपकेंद्र को आने वाली हाईटेंशन लाइन में पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे फॉल्ट आ गया। उपकेंद्र का संचालन ठप हो गया और भाईं, बालमपुर व उतुरी फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अवर अभियंता प्रकाश यादव ने बताया कि पयागीपुर स्थित पारेषण उपकेंद्र यार्ड में तकनीकी खामी के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। मंगलवार दोपहर लगभग 12.15 बजे खामी दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
तीन घंटे ठप रहा धम्मौर उपकेंद्र
धम्मौर (सुल्तानपुर)। एचटी लाइन में फॉल्ट से मंगलवार पूर्वाह्न 11.30 बजे उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे धम्मौर, बनकेपुर व कूड़धाम फीडर ठप हो गए। एसडीओ दिलीप जायसवाल ने बताया कि अपराह्न तीन बजे खामी दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
तीन दिन बाद भी नहीं बदला गया ट्रांसफाॅर्मर
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। बेथरा (फुलवरिया) गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर शनिवार शाम जल गया। इससे तीन दिनों से करीब 500 लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। बिजली के अभाव में लोगों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। एसडीओ हंसराज यादव ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर जलने की जानकारी है। अवर अभियंता प्रवीण सिंह चोट के कारण छुट्टी पर हैं। जल्दी ही दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा।
चार दिन से गुल दिलावलपुर गांव की बिजली
शिवगढ (सुल्तानपुर)। रामगंज उपकेंद्र से दिलावलपुर गांव को बिजली आपूर्ति होती है। पिछले तीन दिनों से समीगंज बाजार व दिलावलपुर गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है। गांव के शमीम अहमद, सत्येंद्र नाथ, फागूलाल जायसवाल, रवि सिंह, राजू सिंह ने बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।