सुल्तानपुर। जीवन में असली उड़ान बाकी है, हमारे इरादों का इम्तिहान अभी बाकी है। अभी तो नापी है मुठ्ठी भर जमीन, अभी तो सारा आसमान बाकी है... यह पंक्तियां सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में अव्वल दर्जा प्राप्त करने वाले मेधावियों पर सटीक बैठती है। 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद मेधावी काबिल बनकर देश सेवा करना चाहते हैं। मेधावियों ने बताया कि वे मेहनत और लगन में विश्वास रखते हैं। यही कारण है कि आज सफलता प्राप्त हुई है।
इंजीनियर बनकर करेंगी देश सेवा
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं में 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर पहली रैंक प्राप्त करने वाली अदीबा खुर्शीद इंजीनियर बनकर देश सेवा करना चाहती हैं।
सूर्या अकेडमी पब्लिक स्कूल अमहट में अध्ययन कर सफलता हासिल करने वाली अदीबा के पिता मो. खुर्शीद प्राथमिक विद्यालय रामपुर खैंचिला में शिक्षक हैं और माता राबिया गृहिणी हैं। अदीबा चार बहनों में सबसे बड़ी हैं और सबका बखूबी ख्याल रखती हैं।
बताया कि इंजीनियर बनने के लिए आईआईटी पास करना अनिवार्य है। वह रोजाना छह से सात घंटे की पढ़ाई कर रही हैं। छात्र-छात्राओं को सलाह देते हुए बताया कि सोशल मीडिया के चलते किताबी पढ़ाई बाधित होती है। हमें पढ़ाई नियमित करते हुए टारगेट बनाकर मेहनत करनी चाहिए। रोजाना का लक्ष्य बनाएं और उसे बिना पूरा किए सोने न जाएं। ऐसा करने से सफलता निश्चित ही मिलती है।
सेना में जाना चाहते हैं पीयूष
जिले की रैंकिंग में 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले पीयूष पांडेय शहर के लालडिग्गी स्थित केएनआईसीई के छात्र हैं। उनके पिता हर्षवर्धन पांडेय मार्केटिंग सेक्टर में काम कर रहे हैं और माता सुरेखा पांडेय गृहिणी हैं। पीयूष 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद उत्साह से लबरेज हैं।
कहते हैं कि मुझे बचपन से सेना में अधिकारी बनने की शौक रहा है। अपने शौक को पूरा करने के लिए वह रोजाना चार से पांच घंटे पढ़ते हैं और सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए ही करते हैं। इस पढ़ाई को सात से आठ घंटे तक करने का लक्ष्य बनाया है। बताया कि वह सैन्य अधिकारी बनकर जिले व परिवार का नाम रोशन करेंगे।
आईएएस बनकर पलक करेंगी देश सेवा
सीबीएसई 10 वीं में 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप टेन में स्थान बनाने वाली पलक पांडेय आईएएस बनकर देश सेवा करना चाहती हैं। इसके लिए वह रोजाना छह से आठ घंटे की पढ़ाई करती हैं। केएनआईसीई करौंदिया में पढ़ने वाली पलक के पिता संतोष पांडेय पेशे से शिक्षामित्र हैं और माता क्रांती पांडेय गृहिणी हैं। पलक बताती हैं कि उनकी सफलता में उनके पिता व माता का विशेष योगदान है और वे उन्हें ही आदर्श मानती हैं। वह बताती हैं कि इंटर की पढ़ाई में वह प्रदेश में अव्वल स्थान लाना चाहती हैं, इसके लिए वे अभी से ही रोजाना तैयारी कर रही हैं।