सुल्तानपुर। स्वतंत्रता आंदोलन के नायक चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर शनिवार को आजाद समाज सेवा समिति ने रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रभातफेरी निकालकर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। शहीद स्मारक सेवा समिति के सदस्यों ने भी शहीदों का नमन किया।
शनिवार को आजाद समाज सेवा समिति के तत्वावधान में शहर में प्रभातफेरी निकाल कर देशभक्ति नारा लगाते हुए क्रांतिकारियों व शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में संस्था के 15 लोगों ने रक्तदान किया।
इस दौरान आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि आज का युवा जिस प्रकार से दिशाहीन होकर जाति-धर्म और संप्रदाय में बंटकर स्वकेंद्रित होता जा रहा है, यह देश के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, शहीद अशफाक उल्ला, शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे सपूतों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। तभी देश और समाज का भला हो सकता है।
इस मौके पर प्रवक्ता निजाम खान, श्याम नारायण पांडेय, ओमप्रकाश गौड़, अजय कुमार सिंह, डॉ. आशीष द्विवेदी, अमन मिश्रा, इश्तियाक अहमद, किशन चौरसिया, मो. सलीम, राजू सोनी, अनिल मिश्रा, रामरतन चौरसिया, गगनदीप सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
उधर, शहीद स्मारक सेवा समिति के तत्वावधान में शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष करतार केशव यादव, लालजी वर्मा, संतोष यादव, महावीर गुप्ता, रामयतन गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।
शहादत दिवस पर एसएफआई ने निकाली रैली
सुल्तानपुर। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने शनिवार को शहीद चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर रैली निकाली। साथ ही उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
एसएफआई के जिलाध्यक्ष सैफ हामिद अली खान ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद और अन्य क्रांतिकारियों ने जिस राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक लड़ाई के लिए अपनी शहादतें दीं, उस लड़ाई को अभी भी आगे ले जाने की जरूरत है।
जिला सचिव सौरभ मिश्र ने कहा कि आजाद जी को याद करने का मतलब उनके छोड़े गए अधूरे काम को पूरा करने की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह, राजीव तिवारी, सुधीर, पार्थ, दिव्यांग शर्मा, आशीष सिंह, अभिषेक, अजय तिवारी, महेश चंद्र तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।