गौरीगंज। शासन के निर्देश पर किसानों को बिचौलियों से बचाने तथा फसल का समुचित समर्थन मूल्य दिलाने के लिए खरीद की नोडल एजेंसी विपणन शाखा ने 34 क्रय केद्रों का प्रस्ताव तैयार किया है।
विपणन शाखा का प्रस्ताव मिलने के बाद जिला प्रशासन ने प्रस्तावित केंद्रों की सूची एसडीएम को भेजते हुए सात दिन में स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन केंद्रों को अनुमोदित करते हुए एक नवंबर से धान खरीद शुरू कराएगा।
प्रदेश सरकार ने किसानों को धान का समुचित समर्थन मूल्य दिलाने के लिए पिछले दिनों रेट निर्धारित कर जिला प्रशासन को क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया था।
शासन का निर्देश मिलने के बाद डीएम प्रशांत शर्मा ने विपणन शाखा, पीसीएफ, कर्मचारी कल्याण निगम, यूपी एग्रो तथा भारतीय खाद्य निगम को अपने-अपने केद्रों की सूची डिप्टी आरएमओ कार्यालय में जमा करने का आदेश दिया था।
खरीद की नोडल एजेंसी विपणन शाखा ने एजेंसियों की ओर से भेजे गए 34 केंद्रों की सूची को धान खरीद केंद्र प्रस्तावित करते हुए रिपोर्ट डीएम को भेजी है। डीएम ने सभी एसडीएम को प्रस्तावित केंद्रों का स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन करने के साथ ही उनके संसाधनों की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।
एसडीएम की सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यकतानुसार क्रय केंद्रों की संख्या अनुमोदित की जाएगी। सूची का अनुमोदन होने के बाद प्रभारियों की तैनाती करते हुए एक नवंबर से शासन की ओर से निर्धारित समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों के धान की खरीद की जाएगी।