सुल्तानपुर। ट्रांसफार्मर उतारते समय विद्युत पोल टूटकर वाहन पर गिर पड़ा। हादसे में लाइनमैन बाल-बाल बच गए, जबकि नया ट्रांसफार्मर व वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अभियाकलां पंचायत के टोडरपुर में मंगलवार की दोपहर को पांच दिनों से खराब पड़े 63 एमवी के खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए लाइनमैन अन्य सहयोगियों के साथ पहुंचा था।
टीम के साथ वाहन पर लदा नया ट्रांसफार्मर भी मौजूद था। लाइनमैन राम यादव, रामनिहोर, शिव बहादुर ट्रांसफार्मर बदलने के लिए जला हुआ ट्रांसफार्मर का तार खोल रहे थे।
अचानक दोनों विद्युत पोल जिस पर ट्रांसफार्मर रखा था, टूट गए। पोल टूटते ही खराब ट्रांसफार्मर के साथ दोनों पोल ट्रांसफार्मर लेकर खडे़ वाहन पर जा गिर पड़े।
लाइनमैन व अन्य कर्मी पोल से समय रहते ही कूद गए लेकिन वाहन पर रखा ट्रांसफार्मर व वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रांसफार्मर को दोबारा मरम्मत के लिए भेजा गया है।