उतुरी में बेसन तैयार करती महिलाएं। स्रोत- स्वयं
सुल्तानपुर। दूबेपुर के उतुरी में संचालित उन्नति एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर लिमिटेड कंपनी का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। दो साल पहले शुरू हुई कंपनी ने अब उड़द दाल की पैकेजिंग और बिक्री भी शुरू कर दी है। शुरुआत में आधा और एक किलो के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। इससे कंपनी के कारोबार और मुनाफे में बढ़ोतरी हो रही है।
कंपनी का संचालन कर रहीं शिवकुमारी ने बताया कि पहले से अरहर दाल की पैकेजिंग की जा रही है। इसके अलावा सब्जी और गरम मसालों की पिसाई कर 50 ग्राम से एक किलो तक के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। बेसन की 250 ग्राम से एक किलो तक की पैकिंग के साथ 20, 25 और 50 किलो की बोरियां भी मांग के अनुसार तैयार की जा रही हैं। बाजार के मुकाबले कम कीमत पर उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शादी-विवाह का मौसम शुरू होने से कंपनी को बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं। यहां काम करने वाली सगुन यादव, कोमल और शीला यादव को वेतन के साथ इंसेंटिव भी दिया जा रहा है। जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी से चार महिलाओं को घर के पास रोजगार मिला है। कारोबार बढ़ने से महिलाओं और समूह के अन्य सदस्यों को भी लाभ होगा।