बल्दीराय (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के बीही निदूरा गांव के रहने वाले पीएसी के जवान धीरेंद्रमणि त्रिपाठी की सोमवार की रात बाराबंकी में ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना में मौत हो गई।
मंगलवार को उनका शव गांव में पहुंचने पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिवार व गांव के लोग शोक में डूब गए हैं। मंगलवार की शाम गार्ड ऑफ ऑनर के साथ धीरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बीही निदूरा गांव निवासी लालमणि त्रिपाठी के पुत्र धीरेंद्रमणि त्रिपाठी (27) सोमवार को बाराबंकी में बाइक से कहीं जा रहे थे। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से घायल हुए धीरेंद्र को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार की शाम जब पीएसी जवान का पार्थिव शरीर उनके घर निदूरा पहुंचा तो कोहराम मच गया। धीरेंद्र पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। परिवार में वहीं अकेले कमाने वाले थे।
30 अप्रैल को तय थी शादी
धीरेंद्र की 30 अप्रैल को शादी होनी थी। परिवारीजन शादी की तैयारी कर रहे थे। होली के दिन जवान बेटे की मौत से खुशी वाले घर में सन्नाटा पसर गया है। पीएसी के जवानों की ओर से दी गई सलामी के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
धीरेंद्र का पैतृक गांव गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सुदनापुर में है। जानकारी मिलने पर पूर्व ग्राम प्रधान मनोज वर्मा समेत अन्य लोगों ने निदूरा पहुंच कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।