लंभुआ (सुल्तानपुर)। घर से बाजार जा रहे किसान नेता पर भाजपा नेता ने परिवारीजनों के साथ लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में घायल किसान नेता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर भाजपा नेता समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के परजनपट्टी गांव निवासी देवप्रसाद उर्फ सोनू (36) पुत्र अभय नारायण मिश्र किसान नेता हैं। बीते रविवार को सोनू घर से बाजार जा रहे थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे खुदौली गांव निवासी व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय सरोज, उनके भाई सुनील, अनिल व पिता रामपाल सरोज ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
हमले में घायल देवप्रसाद उर्फ सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को परिवारीजनों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने अभय नारायण मिश्र की तहरीर पर भाजपा नेता समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर सोमवार को भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया।