सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर कोरोना गाइडलाइन के किए गए इंतजाम रविवार को धराशाई हो गए। केंद्रों पर बाहर व भीतर भीड़ जुटी रही। भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग व्यवस्था तार-तार हो गई। कक्ष में एजेंटों, बाहर समर्थकों, अन्य प्रत्याशियों व एजेंटों का मजमा लगा रहा।
कोर्ट के आदेश के क्रम में शासन व राज्य निर्वाचन आयोग ने कोरोना गाइडलाइन के तहत मतगणना कराने का निर्देश दिया है। आयोग की गाइडलाइन के तहत प्रशासन ने गणना केंद्रों पर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था व भीड़ को रोकने के इंतजाम किए थे।
रविवार की सुबह आठ बजते ही प्रशासन व पुलिस के इंतजाम धराशाई होने लगे। दिन चढ़ते ही तकरीबन सभी मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशियों, एजेंटों व उनके समर्थकों की भीड़ लग गई। गणना के लिए बनाए गए ग्राम पंचायतों के चक्र के बावजूद टेबलों पर प्रथम चक्र के पंचायतों के एजेंटों/प्रत्याशियों की भीड़ लग गई।
टेबल के सामने मतपत्रों पर निगाह डाले एजेंटों की भीड़ लगी रही। बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहे अन्य ग्राम पंचायतों के प्रत्याशियों, एजेंटों व उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। समर्थक घोषित होने वाले नतीजों पर निगाह गड़ाए रही। हालांकि पुलिस दिन भर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया लेकिन हुजूम धीरे-धीरे फिर एकत्र होता रहा। देर शाम तक यही कसरत गणना केंद्रों पर चलती रही।
पुलिस ने कई केंद्रों पर भीड़ को दौड़ाया
गणना परिसर के बाहर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई केंद्रों पर लोगों को दौड़ाना पड़ा। गनपत सहाय पीजी कॉलेज, कुड़वार के धर्मादेवी कॉलेज, जयसिंहपुर के रामपति रामदेव इंटर कॉलेज, लंभुआ में पुलिस ने कई बार बाहर खड़ी भीड़ को दौड़ाया। धनपतगंज के हर्ष महिला महाविद्यालय में सीआरपीएफ के जवानों ने भी भीड़ को खदेड़ा। एजेंटों से भी पूछताछ की लेकिन भीड़ कहां मानने वाली थी। पुलिस की निगाह हटते ही भीड़ फिर एकत्र हो गई।
गणना को लेकर केंद्रों पर माहौल रहा गर्म
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खासकर ग्राम पंचायत प्रधान की गणना को लेकर केंद्रों पर माहौल गर्म रहा। गणना कक्ष में मौजूद एजेंट व प्रत्याशी एक-एक वोट पर निगाह गड़ाए रहे। सुबह मतपेटिका टेबल पर आने के बाद प्रत्याशी व एजेंट मतपत्रों की छंटाई व बंडल बनाने पर निगाह लगाए रहे। कई केंद्रों पर एजेंटों ने आपत्तियां भी जताईं। अंदर एजेंट तो बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों में कानाफूसी चलती रही।
गणना केंद्र पर दो प्रत्याशी मिले पॉजिटिव, भेजे गए वापस
अखंडनगर विकास खंड के बारी सहिजन रतनपुर में बनाए गए गणना केंद्र पर मतगणना कराने पहुंचे दो प्रत्याशी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। गणना केंद्र पर हुई एंटीजन जांच में डीडीसी वार्ड संख्या दो के एक प्रत्याशी व कुंदाभैरोपुर के एक बीडीसी प्रत्याशी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जांच रिपोर्ट आते ही गणना केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को वापस भेज दिया।
अधिकांश केंद्रों पर देर से शुरू हुई मतगणना
जिले में बनाए गए 14 मतगणना केंद्रों में अधिकांश केंद्रों पर मतगणना विलंब से शुरू हुई। कुड़वार में करीब दो घंटे विलंब से 10 बजे गणना का कार्य शुरू हो सका। इसी तरीके से धनपतगंज व दोस्तपुर में करीब एक घंटे, जयसिंहपुर व मोतिगरपुर में आधे-आधे घंटे देर से गणना शुरू हो सकी। गणना का कार्य देर से शुरू होने पर नतीजे भी विलंब से आना शुरू हुए।
जोनल ने फाड़ा प्रत्याशी का पास
दोस्तपुर विकास खंड के एक बीडीसी प्रत्याशी का जोनल मजिस्ट्रेट ने पास फाड़ दिया। विरैता पाल्हीपुर के बीडीसी प्रत्याशी बाबूराम का कहना है कि वे अपने मत की गिनती कराने जा रहे थे। इस जोनल मजिस्ट्रेट ने मना किया। पास दिखाने पर उसे हल्का से फाड़ दिया। प्रकरण मीडिया तक पहुंचने पर जोनल ने फटा पास वापस कर दिया।
12 बजे से आने शुरू हुए प्रधानों के नतीजे
अधिकांश मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती देर से शुरू होने की वजह से नतीजे आने में भी विलंब हुआ। ग्राम पंचायत प्रधान के नतीजे करीब 12 बजे से आने शुरू हुए। पहला नतीजा जयसिंहपुर के सरायजेहली का आया। ग्राम पंचायत की लक्ष्मी सिंह ने छह वोटों से प्रधान पद के चुनाव में विजय हासिल की। इसके बाद मोतिगरपुर के पहाड़पुर सरायभीषम ग्राम पंचायत प्रधान का नतीजा आया। चुनाव में सुनीता सिंह ने करीब 87 वोटों से जीत दर्ज की। करीब साढ़े 12 बजे के बाद प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य के नतीजे आने लगे।
शाम तक नहीं आया डीडीसी का कोई नतीजा
करीब 50 हजार की आबादी पर हुए जिला पंचायत सदस्य के चुनाव का कोई रिजल्ट शाम तक नहीं आ सका था। क्षेत्र बड़ा होने की वजह से डीडीसी प्रत्याशियों के मतों की गणना जारी रही। गणना में प्रत्याशी आगे-पीछे हो रहे थे। डीडीसी का नतीजा रविवार रात तक आना शुरू होंगे।
थर्मल स्कैनिंग व सैनिटाइजर का अभाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान के मतों की गणना के लिए प्रशासन की ओर से प्रत्येक केंद्रों पर सैनिटाइजर, साबुन, पानी, थर्मल स्क्रीनिंग समेत अन्य व्यवस्था किए जाने का आदेश दिया गया था। इसके बाद भी कई केंद्रों पर सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग व्यवस्था का अभाव रहा। कुड़वार में गणना गेट पर सुबह नौ बजे तक कोई व्यवस्था सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग नहीं रही। इसी तरह अन्य केंद्रों पर भी शिकायतें मिली हैं।