सुल्तानपुर। जन शिकायतों को अनसुना करने के साथ ही रात्रि गश्त पर क्षेत्र में नहीं निकलने पर मुडिला चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिस कर्मियों को एसपी ने निलंबित कर दिया। इसके साथ ही तीनों पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा शनिवार की रात जिले में पुलिस की रात्रि गश्त का मुआयना करने निकले थे। एसपी कादीपुर कोतवाली की मुडिला चौकी पर पहुंचे तो दर्जनों जन शिकायतें लंबित मिलीं।
साथ ही स्थानीय लोगों ने बताया कि चौकी इंचार्ज एसआई अवधेश श्रीवास्तव, सिपाही अमित कुमार और सिपाही देवेंद्र प्रताप यादव रात्रि गश्त में कभी भी नहीं निकलते हैं। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने रात में ही तीनों को निलंबित कर दिया। साथ ही तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी की कार्रवाई से लापरवाह पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा है।