सुल्तानपुर। कादीपुर खुर्द गांव में शनिवार की देर शाम भूमि विवाद में विपक्षियों ने अधेड़ को गोली मार दी। गोली अधेड़ के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे परिवारीजनों को देखकर आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर खुर्द गांव निवासी अशोक कुमार (50) का गांव के ही प्रेमचंद से भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार की देर शाम प्रेमचंद और राजन ने अशोक कुमार पर फायरिंग कर दी। गोली अशोक के पैर में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे परिवारीजनों को देखकर आरोपी फरार हो गए। परिवारीजनों ने घायल अशोक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्रेमचंद और राजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। रविवार को उपनिरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चांदा कोतवाली क्षेत्र के साढ़ापुर गांव में छापा मारकर प्रेमचंद और राजन को गिरफ्तार कर लिया।