सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि चार चरणों के चुनावी रुझान में हार को देखते हुए विपक्षियों ने विदेश भागने के लिए अभी से टिकट बुक करा लिए हैं। रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले अब बजरंग बली की गदा लेकर घूम रहे हैं। कटका में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि इस बार ये परास्त होंगे तो अगली बार अयोध्या में कारसेवा करते नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिजली जाति व मजहब के हिसाब से आती थी। ईद-मुहर्रम पर बिजली मिलती रही लेकिन दीवाली व होली पर नहीं। कोराना महामारी में फ्री टेस्ट, फ्री उपचार व फ्री वैक्सीन लगवाई। सपा व बसपा की सरकार होती तो वैक्सीन ब्लैक हो जाती। सपा की सरकार में राशन माफिया राशन हजम कर लेते थे। बसपा के हाथी का पेट इतना बड़ा है कि वह सारा राशन निगल जाता था। विकास के नाम पर सपा सरकार में सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल का कार्य हुआ। बाकी विकास का पैसा सपा के इत्र वाले मित्र के पास पहुंच जाता था।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सपा, बसपा व कांग्रेस को वोट के लिए इतना तरसा दीजिए कि इन्हें आपकी ताकत का एहसास हो जाय। आपके समर्थन से आने वाले समय में विकास की गाथा लिखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल पर खड़े पांच बुलडोजर की ओर इशारा करते हुए कहा कि 10 मार्च के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक बुलडोजर जाएगा। बुलडोजर एक्सप्रेसवे भी बनाता है और माफिया को रगड़ता भी है।
उन्होंने राम मंदिर निर्माण को और तेज करने के लिए प्रदेश में भाजपा सरकार को जरूरी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग भूख से मर जाते थे। किसान आत्महत्या कर लेते थे लेकिन डबल इंजन की सरकार में डबल डोज राशन दिया जा रहा है। जिले से होकर गुजरे एक्सप्रेसवे, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज व अयोध्या प्रयागराज के बीच शहर के पास से गुजरे फोरलेन के कार्य को भी याद कराया। इसे इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों से जोड़ते हुए व चीनी मिल की क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू कराने की बात कहते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर आजादी के बाद ये सब क्यों नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने जिले की पांचों सीट मांगते हुए कहा कि इससे भाजपा 300 के पार पहुंच जाएगी।
इसके पहले हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह समेत अन्य ने स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर खड़े पांच बुलडोजर चर्चा का विषय बने रहे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री जयनारायण तिवारी, विजय सिंह रघुवंशी, अरुण द्विवेदी, दूधनाथ तिवारी, प्रवीण अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।