सुल्तानपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए जिला चिकित्सालय की बंद ओपीडी अब शुरू होगी। अस्पताल में सामान्य मरीज भी देखे जा सकेंगे। मरीज को देखते समय सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना होगा। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान डीएम ने ये निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संचालित जननी सुरक्षा, आयुष्मान भारत, शिशु सुरक्षा समेत सभी योजनाएं चालू करने को कहा गया। इसके साथ इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य भी शुरू कराने का निर्देश दिया गया। एल वन हॉस्पिटल कुड़वार में शत-प्रतिशत प्रोटोकाल के अनुपालन का करना होगा। खंड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में बनाई गईं निगरानी समितियों को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक में डीएम सी इंदुमती ने व्यापारियों को शाम सात से सुबह सात बजे तक दुकान बंद रखने का निर्देश दिया। कहा कि प्रतिष्ठान व दुकान खुलने के समय सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन आवश्यक है। इस मौके पर मनोज अग्रवाल ने एक ज्ञापन दिया। इसके पहले व्यापार मंडल के महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने भी व्यापारियों से संबंधित एक ज्ञापन डीएम को दिया। बैठक में सीडीओ रमेश कुमार मिश्र समेत संबंधित मौजूद रहे।