बंधुआकला थाने में गांजा के साथ पकड़ा गया आरोपी विजय पाल। स्रोत-पुलिस
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर इस्लामगंज के पास स्थित ढाबे से शनिवार दोपहर एसटीएफ लखनऊ व बंधुआकला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को ट्रक के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से तीन बोरियों में रखे 52 पैकेट में मिले। जिसमें एक क्विंटल गांजा रखा था। पुलिस के मुताबिक गांजे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है। आरोपी तस्कर के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।
शनिवार दोपहर एसटीएफ लखनऊ के उप निरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी व बंधुआकला थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने इस्लामगंज के निकट स्थित ढाबा के पास से एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक की तलाशी में तीन बोरियों में टेप से पैक किए गए 52 पैकेट मिले। इसमें 104 किग्रा. गांजा मिला।
पुलिस ने मौके से अयोध्या जिले के हैदरगंज के नियाजपुर भदार निवासी विजय पाल को गिरफ्तार कर लिया। सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक मोबाइल फोन मिला है।