बाजारशुकुल। 33 केवीए लाइन के जंपर और इंसुलेटर में आई खराबी से मंगलवार रात 12 बजे बिजली गुल हो गई। इससे एक लाख लोग नौ घंटे तक परेशान रहे। रात में ही ऊर्जा निगम कर्मी फाॅल्ट तलाशने में लग गए, लेकिन 10 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन का फाॅल्ट सुबह 9:30 बजे पता चला। कर्मचारियों ने जंपर को जोड़कर इंसुलेटर बदला तो आपूर्ति बहाल हो सकी।
महोना और बाजारशुकुल इलाके की बिजली आधी रात गुल हो गई। बताया गया कि 33 केवीए लाइन में फाॅल्ट है। अचानक आपूर्ति बंद होने से एक लाख लोग अंधेरे और उमस में परेशान रहे। रातभर विभागीय टीमें फाॅल्ट तलाशने में जुटी रहीं। महोना से कठौरा तक करीब 10 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन का फॉल्ट तलाशने में ही रात गुजर गई। सुबह भी ऊर्जा निगम की टीम फाॅल्ट खोजने में जुटी रही। कठौरा के पास मुख्य लाइन का जंपर टूटा हुआ था। इसे दुरुस्त करने के बाद रेलवे क्रॉसिंग के पास इंसुलेटर खराब था, उसे भी तत्काल बदला गया। बुधवार सुबह 9:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बाजारशुकुल के गिरधारी लाल मौर्य व भटपुरवा के देवीदयाल शर्मा ने बताया कि आए दिन लोकल फाॅल्ट के नाम पर कटौती की जाती है। अन्नीपुर के शेषनारायण तिवारी और दखिनगांव के दीपक ओझा ने बताया कि ऊर्जा निगम के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। एसडीओ राजेश चौहान ने बताया कि रेलवे क्राॅसिंग के पास इंसुलेटर खराब था। कठौरा के पास जंपर खराब हो गया था। इस वजह से लाइन में फाॅल्ट आ गई थी। कहा कि सुबह इसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की गई है। उन्होंने कहा कि आगे से पूरी लाइन की नियमित जांच कराई जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को ऐसी परेशानी न उठानी पड़े।