करौंदीकलां (सुल्तानपुर)। अमनाइकपुर गांव में बुधवार को भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक की मौत हो गई जबकि अन्य चार लोगों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
करौंदीकलां थाना क्षेत्र के अमनाइकपुर गांव निवासी राकेश कुमार (42) का गांव के ही शीरू और नीरू से भूमि विवाद चल रहा है। बुधवार को विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष से राकेश, पत्नी रीता और बेटा विपिन घायल हो गए जबकि दूसरे से शीरू और नीरू घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने राकेश की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिवारीजनों ने राकेश को जौनपुर जिले के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था जहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई। एसओ अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बुधवार को ही दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर पर मारपीट का केस दर्ज किया गया था। गुरुवार को उपचार के दौरान राकेश की मौत हुई है। मारपीट के दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।