सेमरीबाजार चौकी के पास खड़ी दुर्घटनाग्रस्त जीप। -स्रोत : ग्रामीण
सेमरी बाजार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जयसिंहपुर के चांदपुर अंडरपास के पास रविवार रात जीप व डबल डेकर बस की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में जीप में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक दुर्घटना रविवार रात करीब 10 बजे हुई। जीप में सवार दोस्तपुर के करनाईपुर रघुवंशी निवासी गुंजन (35), अखिलेश जायसवाल (55), राजकुमारी (60), सुनीता (21), कंचन (32), धसी (38), अरनो जायसवाल (04), रानी (12), बेबी (06) व जीप चालक बरौंसा निवासी अकील (42) घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया। राजकुमारी, अखिलेश व चालक अकील को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां से राजकुमारी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बिरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि वे सभी जीप से अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करके पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड से लौट रहे थे।
घटनास्थल पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त जीप व बस को हटवाकर सेमरी बाजार चौकी परिसर में खड़ा कराया। बस में बैठे यात्री दूसरे बस से गंतव्य को रवाना हो गए। उप निरीक्षक सुबोध त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।