सुल्तानपुर। छह लाख 55 हजार रुपये पत्नी को भरण-पोषण नहीं देने के मामले में 11 वर्षों से फरार चल रहे वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जौनपुर जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कुड़वार थाना क्षेत्र के हसनपुर इमामगंज निवासी दिलशाद हुसैन उर्फ फरियाद हुसैन की शादी जौनपुर जिले की रहने वाली नरगिस फातिमा के साथ हुई थी। 11 वर्ष पूर्व नरगिस फातिमा का दिलशाद हुसैन से विवाद हो गया था। इसका मुकदमा जौनपुर न्यायालय में चल रहा था।
न्यायाधीश ने दिलशाद हुसैन को नरगिस फातिमा को छह लाख 55 हजार रुपये भरण-पोषण के लिए देने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश के बावजूद दिलशाद ने नरगिस फातिमा को भरण-पोषण के रुपये नहीं दिए थे। 11 वर्ष पहले कोर्ट ने दिलशाद को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था।
कोर्ट के आदेश के बावजूद दिलशाद पेश नहीं हुआ। कोर्ट ने दिलशाद के खिलाफ वारंट जारी करते हुए उसे गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। इस बीच दिलशाद पुलिस को लगातार चकमा देता रहा।
बृहस्पतिवार की सुबह कुड़वार थाना क्षेत्र के बंधुआकलां पुलिस चौकी इंचार्ज आदित्य यादव को सूचना मिली कि दिलशाद अपने गांव के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसआई ने पुलिस टीम के साथ हसनपुर इमामगंज गांव में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसआई ने बताया कि दिलशाद को जौनपुर परिवार न्यायालय की कोर्ट में पेश करना है।