सुल्तानपुर। विधान परिषद की चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन एक नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुआ। बुधवार को तीन और नाम निर्देशन पत्र खरीदे गए। अब कुल दावेदारों की संख्या आठ हो गई है। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। हालांकि अभी भी भाजपा व सपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
अमेठी-सुल्तानपुर विधान परिषद सीट के लिए कलेक्ट्रेट में चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन एक दावेदार ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के समरथपुर गांव निवासी इंद्रकुमार ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाम निर्देशन पत्र भरा। इसके साथ ही बुधवार को तीन और नामांकन पत्र लिए गए। नामांकन पत्र लेने वालों में शहर के शास्त्रीनगर निवासी हरिचरण यादव, अमेठी के राजा हिम्मत सिंह निवासी हरीराम यादव व कादीपुर के गंगापुर भुलिया निवासी शंकरदीन क्रांतिकारी शामिल हैं।
बुधवार को चार नामांकन पत्र और लिए जाने के बाद अभी तक नामांकन पत्र लेने वालों की संख्या आठ हो गई है। इनमें से एक ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद रहा। जांच के बाद दावेदारों को प्रवेश दिया जाता रहा।
नामांकन की प्रक्रिया दो दिन बीतने के बाद भी अभी तक भाजपा व सपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। खासकर दोनों पार्टियों की ओर से अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। इस वजह से प्रत्याशी को लेकर दावेदारों में ऊहापोह की स्थिति बनी है। दावेदार अपनी पैरवी में जुटे हैं। निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता ने बताया कि दूसरे दिन की नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गई।
विधान परिषद की चल रही नामांकन प्रक्रिया में 21 मार्च नामांकन की आखिरी तिथि होगी। शासन की ओर से 19 मार्च के नामांकन तिथि पर छुट्टी घोषित किए जाने की वजह से आयोग ने चुनावी कार्यक्रम में आंशिक संशोधन कर दिया है।
पूर्व में निर्वाचन आयोग की ओर से विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तिथि 19 मार्च निर्धारित की गई थी। बुधवार को शासन ने 17, 18 के साथ 19 मार्च को भी होली की छुट्टी घोषित कर दी। छुट्टी की वजह से एमएलसी चुनाव का नामांकन कार्यक्रम प्रभावित हो गया। इसे देखते हुए निर्वाचन आयोग ने चुनावी कार्यक्रम में आंशिक संशोधन कर दिया है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी. प्रसाद ने बताया कि आयोग की ओर से अब 21 मार्च को नामांकन की आखिरी तिथि निर्धारित की गई है। पहले 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच व 23 मार्च को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई थी। नए कार्यक्रम के तहत अब 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच व 24 मार्च को नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान व मतगणना की तिथि यथावत रहेगी। बताया कि इसमें कोई फेरबदल नहीं किया गया है।