सुल्तानपुर। शहर के पयागीपुर वार्ड के सीतानगर के दक्षिणी हिस्से में सड़क न बनने से परेशान लोगों ने नगर पालिका से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक पर गुहार लगाई।
उनकी परेशानी पर किसी ने ध्यान नहीं दिया तो उन्होंने खुद ही सड़क बनाने का निर्णय लिया। आपसी सहयोग से मोहल्ले के लोगों ने ईंट व अन्य निर्माण सामग्री जुटाकर सड़क निर्माण शुरू कराया है।
सीतानगर मोहल्ले के दक्षिणी छोर पर रहने वाले लोग तीन वर्ष से रास्ता बनवाने की मांग कर रहे थे। मोहल्ले के कच्चे रास्ते पर बारिश में जलभराव होने से उनका निकल पाना मुश्किल हो जाता था।
सड़क के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल व नगर पालिका में कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया। फिर भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीतानगर के दक्षिणी हिस्से में 25 से 30 परिवार रहते हैं।
गत दिनों हुई बारिश में जलभराव के चलते आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही थी। उसके बाद मोहल्ले के लोगों ने आपसी सहयोग से सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है।
आर्थिक सहयोग व श्रमदान से यहां पर अस्थाई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मोहल्ले के अमिताभ द्विवेदी ने बताया कि सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष के पति अजय जायसवाल रविवार को निर्माण कार्य को देखने पहुंचे।
उन्होंने सड़क का निर्माण जल्द ही नगर पालिका से करवाने का आश्वासन दिया है। सड़क निर्माण में गिरीश मिश्र, धर्मदेव तिवारी, सुशील तिवारी, कृष्ण कुमार सिंह, आशीष श्रीवास्तव, राज बलि यादव, अजय तिवारी, विश्वनाथ दुबे, राम उजागिर यादव, अनिल तिवारी, आनंद मिश्र समेत कई लोग सहयोग कर रहे हैं।