सुल्तानपुर। ग्राम पंचायतों में दूसरे चरण के सफाई व स्वच्छता अभियान में सफाई कर्मियों के कार्य व उपस्थिति की जानकारी जिला मुख्यालय से सीधे गांव में फोन करके ग्रामीणों से ली जाएगी। ग्राम पंचायतों में कर्मियों के अनुपस्थित रहने व सफाई नहीं होने की जानकारी मिलने पर पंचायत सचिव के साथ एडीओ पंचायत को भी जिम्मेदार माना जाएगा। पंचायतराज विभाग ने दूसरे चरण के सफाई अभियान में अधिकारियों व कर्मचारियों पर शिकंजा कस दिया है।
पंचायतीराज निदेशक व डीएम रवीश गुप्ता के निर्देश पर बुधवार से ग्राम पंचायतों में मेरा गांव स्वच्छ गांव के तहत दूसरे चरण का सफाई व स्वच्छता अभियान शुरू हुआ। 18 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायतों में कचरे की सफाई व सैनिटाइजेशन के लिए पंचायतराज विभाग ने ग्राम पंचायतवार रोस्टर जारी कर दिया है। रोस्टर में सफाई कर्मियों की टीम लगा दी गई है।
इसके साथ ही डीपीआरओ आरके भारती ने मंगलवार को एडीओ पंचायत को निर्देश जारी करते हुए पंचायत सचिवों के साथ एडीओ पंचायतों पर भी शिकंजा कसा है। कहा कि रोस्टर के दिन पंचायत विभाग के वार रूम से सीधे ग्राम पंचायत के ग्रामीणों से फोन पर बात करके सफाई कर्मियों की उपस्थिति व सफाई की जानकारी ली जाएगी।
इसमें लापरवाही मिलने पर पंचायत सचिवों के साथ एडीओ पंचायत पर भी कार्रवाई होगी। अभियान के पहले दिन बुधवार को डीपीआरओ आरके भारती ने कूरेभार के मुजेश गांव में सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी को नाली-नाबदानों सफाई व कचरा निस्तारण के बाद गांव का सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया।