जयसिंहपुर। क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षक से जुड़ा अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद महिला थाना पुलिस ने संबंधित शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शिक्षक का मोबाइल फोन और कुछ अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। महिला थाना पुलिस के अनुरोध पर जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।
संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों के अनुसार आरोपित शिक्षक पर एक शिक्षिका से पहले दोस्ती कर संबंध बनाने, फिर कथित रूप से फोटो और वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि उक्त शिक्षक पर पूर्व में भी एक शिक्षिका को अपने साथ लेकर चले जाने के आरोप लगे थे। क्षेत्राधिकारी सुनील सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताई। कहा कि यदि ऐसा है तो प्रकरण गंभीर है। इस मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद