सुल्तानपुर। शहर के शुभांगी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज राजेश मिश्रा की तीन मार्च को मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोसाईंगंज के महिलो आशापुर निवासी 50 वर्षीय राजेश मिश्रा को पथरी के दर्द के चलते परिजनों ने 2 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक के भांजे अमर कृष्ण तिवारी ने बताया कि तीन मार्च की शाम ऑपरेशन थिएटर में ले जाने से पहले राजेश मिश्रा स्वस्थ थे। बताया कि डॉ. राजेश गौतम के इंजेक्शन लगाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि मरीज की पत्नी और परिजनों को सूचित किए बिना एंबुलेंस बुक कर मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि मरीज की मौत शुभांगी अस्पताल में ही हो चुकी थी। दूसरे अस्पताल में उनसे 25 से 30 हजार रुपये लिए गए और कुछ देर बाद मरीज को मृत घोषित कर दिया गया। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि परिजन की ओर से शिकायत की गई है, उसी के आधार पर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।