धनपतगंज। दुर्गा पूजा मेले के दौरान यातायात व्यवस्था में जुटी पुलिस ने संदिग्ध हालत में मिले तीन ट्रकों को सीज कर दिया। तीनों ट्रकों की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर कालिख पुती थी, जिससे पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं हो रहे थे। वहीं, चालक भी वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
रविवार रात दुर्गा पूजा के अवसर पर धनपतगंज कस्बे में हलियापुर से कूरेभार जाने वाले मुख्य मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। हजारों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान हलियापुर की ओर से तीन ट्रक आते दिखाई दिए। तीनों की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर कालिख पुती हुई थी।
पुलिस ने नंबर प्लेट साफ कराई तो ट्रकों के पंजीकरण नंबर सामने आए। थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए। इस पर चालक मूल ड्राइविंग लाइसेंस के बजाय मोबाइल पर उसकी छायाप्रति दिखाने लगे। वे वाहनों के अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रकों को सीज कर थाने में दाखिल करा दिया।