कूरेभार। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कस्बे के मुख्य चौराहे के पास गीता मंदिर के निकट सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग छोटेलाल कसौंधन (80) की मौत हो गई। वह कूरेभार ग्राम पंचायत की ग्राम प्रशासक गीता देवी के ससुर थे। उनके निधन से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों में शोक है।
कूरेभार कस्बा निवासी छोटेलाल व्यापारी थे। वह कूरेभार बाजार की केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और रामलीला कमेटी के संरक्षक भी थे। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे वह घर से निकले थे। पैदल सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान वहां उनकी मौत हो गई। कूरेभार थाने के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
नहीं निकलेगी शोभायात्रा
दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि छोटेलाल कसौंधन के निधन के चलते इस बार दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। प्रतिमाओं का विसर्जन सादगी के साथ किया जाएगा।