सुल्तानपुर। एक ही परिसर में चल रहे प्राइमरी व जूनियर स्कूलों को एकीकृत कर कंपोजिट विद्यालय बनाया गया है। कंपोजिट विद्यालय बन जाने से जिले में परिषदीय विद्यालयों की संख्या 2347 से घटकर 2064 हो गई है। इस तरह 283 विद्यालय कम हो गए हैं।
जिले में पूर्व में 1735 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय व 612 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित थे। शासन के निर्देश के बाद एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को एकीकृत कर कंपोजिट स्कूल के नाम से संचालित कराए जाने का निर्देश था।
निर्देश के बाद एक ही परिसर में संचालित दो या इससे अधिक परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को संविलित कर दिया गया। अब जिले में 1450 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, 344 उच्च प्राथमिक विद्यालय व 270 कंपोजिट स्कूल (कक्षा एक से आठ तक) संचालित हैं।
प्राथमिक विद्यालयों की संख्या 1735 से 285 घटकर 1450 हो गई है। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालयों की संख्या 612 से 269 घटकर 343 हो गई है। कंपोजिट विद्यालयों में दो या इससे अधिक विद्यालय संविलित हुए हैं। कंपोजिट विद्यालयों की संख्या 270 है।
कंपोजिट स्कूल बन जाने से जिले के 283 हेडमास्टर भी अपने पदों से हट गए हैं। कंपोजिट विद्यालयों में सीनियर टीचर को प्रधानाध्यापक का दायित्व सौंपा गया है। कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में छात्र संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
कंपोजिट स्कूल बनने के बाद अब तीन श्रेणियों में विद्यालयों की गणना हो रही है। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही कंपोजिट स्कूल का भी डाटा तैयार किया जा रहा है। मध्याह्न भोजन योजना, ड्रेस वितरण समेत अन्य कार्यों में तीन तरह के स्कूलों का डाटा रखा जा रहा है।