सुल्तानपुर। राशन कार्डधारकों को अब आधार कार्ड के माध्यम से भी राशन अनाज लेने की सुविधा मुहैया होगी। शासन की ओर से सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को नई व्यवस्था लागू करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए हैं। यह सुविधा उन कार्डधारकों को मिलेगी, जिन्होंने अपनी ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा ली है।
जिले में कुल 4,58,299 राशन कार्डधारक को अनाज वितरण के लिए 1084 सरकारी राशन की दुकानें संचालित हैं, जिनमें 58 नगरीय और 1026 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। कार्डधारकों में 80,373 अंत्योदय कार्डधारक व 3,77,926 पात्र गृहस्थी कार्डधारक शामिल हैं। नई व्यवस्था लागू होने से उन लाभार्थियों को भी राशन अनाज पाने की सुविधा मिल सकेगी, जिनका राशन कार्ड खो गया है या जो काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
इसके लिए राशन वितरण के लिए इस्तेमाल होने वाली ई पॉस मशीनों में आधार प्रमाणीकरण का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। राशन कार्डों को आधार से लिंक किया जा चुका है। इसके साथ ही मृतकों और आयकर रिटर्न भरने वालों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। राशन कार्ड की सभी यूनिटों की ई केवाईसी प्रक्रिया कराई जा रही है, जिसमें जिले में अब तक करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने कहा कि मार्च माह के राशन वितरण की तिथि अभी सुनिश्चित नहीं है। इस संबंध में शासन के निर्देशों का अनुपालन कराया जाएगा।