गौरीगंज (अमेठी)। परिषदीय स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता जांचने के लिए गठित मंडलीय उड़नदस्ता टीम ने मुसाफिरखाना ब्लॉक के पांच स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता खराब मिलने के बाद निशुल्क जूता-मोजा व बैग वितरण कार्य संतोषजनक नहीं मिला। सहायक शिक्षा निदेशक ने बीर्ईओ मुसाफिरखाना के साथ पांच प्रधानाध्यापकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
शासन ने परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही निशुल्क वितरित होने वाले ड्रेस, पाठ्य पुस्तक, जूता-मोजा व बैग की हकीकत जांचने के लिए जिला स्तर के साथ मंडलीय टीम गठित कर रिपोर्ट तलब की है। शासन ने सहायक शिक्षा निदेशक रवींद्र सिंह व मंडलीय समन्वयक एमडीएम अखिलेश सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने मुसाफिरखाना ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल गाजनपुर, मवई, गंगेरवा व उच्च प्राथमिक स्कूल अढनपुर तथा कोछित का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली, नामांकित बच्चों के सापेक्ष उपस्थिति कम मिली, वितरण कार्य पूरा नहीं होने के साथ दस्तावेजों का रखरखाव भी टीम को ठीक नहीं मिला।
शिक्षकों की ओर से शैक्षिक गुणवत्ता के साथ व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही व खंड शिक्षाधिकारी की ओर स्कूलों का पर्यवेक्षण कर व्यवस्था सुधार में सहयोग नहीं करने से नाराज सहायक शिक्षा निदेशक ने सभी को नोटिस दिया है। इसमें तत्काल स्कूल में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए जवाब देनेे का निर्देश दिया गया है।