सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 19 अप्रैल को जिले में मतदान कराया जाएगा। ग्राम प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन संबंधित विकास खंडों व जिला पंचायत सदस्य के नामांकन की सभी प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर होगी।
चुनाव आयोग से अधिसूचना जारी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। उधर डीएम ने कलेक्ट्रेट में एक बैठक कर चुुनाव के लिए नामित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए सात व आठ अप्रैल को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच नौ व 10 अप्रैल को होगी। 11 अप्रैल को सुबह आठ से दोपहर बाद तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
इसके बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। मतों की गणना दो मई को होगी। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन संबंधित ब्लॉकों व जिला पंचायत के नामांकन की प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर होगी।
डीएम ने बताया कि सभी पदों के मतों की गणना दो मई को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। ग्राम प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य के नतीजे ब्लॉक मुख्यालयों से घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य के मतों की गणना जिला पंचायत से घोषित की जाएगी।
कार्यक्रम जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने 27 मार्च को निर्वाचन अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में चुनाव का कार्यक्रम जारी करने का आदेश दिया है। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से कार्यक्रम जारी होते ही नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी।
डीएम ने आदेश जारी करते हुए चुुनाव कार्यक्रम के बीच पड़ने वाले अवकाश के बीच भी चुनाव संबंधी कार्यालय खोले रखने का आदेश दिया है। चुुनाव की दुंदभी बजते ही दावेदार मैदान में कूद पड़े हैं।
100 केंद्र अतिसंवेदनशील प्लस
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में 979 ग्राम पंचायतों में 1160 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें प्रशासन ने 178 केंद्रों को संवेदनशील, 172 को अतिसंवदेनशील व 100 केंद्रों को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा है। प्रशासन की ओर से इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त किए जाएंगे।
इतने पदों पर होगा चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 19 अप्रैल को 979 ग्राम प्रधान पदों के लिए वोट पड़ेंगे। इसके साथ ही 1146 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 12140 ग्राम पंचायत सदस्य व 45 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव होगा। निर्वाचन कार्यालय ने आयोग को पदों की संख्या भेज दी है।
त्रिस्तरीय पंचायत की अधिसूचना जारी होने के बाद चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में 27 मार्च को अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया गया है। जिले में अधिसूचना जारी होने के साथ आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- रवीश गुप्ता, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम