सुल्तानपुर। राज्य निर्वाचन आयोग से घोषित उपचुनाव के लिए रविवार को 3423 पदों पर नामांकन होगा। पांच ग्राम प्रधान, चार क्षेत्र पंचायत सदस्य व 3414 ग्राम पंचायत सदस्य के हो रहे उपचुनाव के दाखिल नाम निर्देशन पत्रों की जांच भी रविवार को ही होगी।
प्रशासन ने तैयारियों का निर्देश देते हुए ब्लॉकों पर सुबह से नाम निर्देशन प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है। उपचुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था की भी तैयारियों की गई हैं।
जिले में 3423 पदों के लिए रविवार को नाम निर्देशन दाखिल किए जा सकेंगे। पांच ग्राम प्रधान, चार बीडीसी व 3414 सदस्य पदों के कराए जा रहे उपचुुनाव के लिए रविवार की सुबह आठ से शाम पांच बजे तक ब्लॉकों पर नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान 12 जून को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम रवीश गुप्ता ने निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को समय से ब्लॉकों पर पहुंचकर नामांकन कराने का निर्देश दिया है।
नामांकन को देखते हुए ब्लॉकों पर नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री शनिवार को जारी रही। सदस्यों के अभाव में गठित नहीं हो पाने वाली ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों का जोर सदस्यों का नामांकन कराकर पंचायतों के गठन पर है।
इसे लेकर निर्वाचित प्रधानों ने सदस्यों का नामांकन कराने की तैयारी कर ली है। 3423 पदों के नामांकन को देखते हुए प्रशासन ने ब्लॉकों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी तैयारी पूरी कर ली है। डीएम ने नामांकन प्रक्रिया कोविड गाइडलाइन के मुताबिक कराने का निर्देश दिया है।
आज ही होगी नामांकन पत्रों की जांच
शाम पांच बजे तक नामांकन के बाद नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। डीएम ने नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया रविवार को ही पूरी करने का आदेश दिया है। सात जून को नामवापसी व प्रतीक आवंटन होगा।
नियुक्त किए गए 70 एआरओ
पंचायत उपचुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने 14 विकास खंडों में 70 सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नियुक्त किया है। प्रत्येक विकास खंड में पांच एआरओ नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में एक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।
पंचायत उपचुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह आठ बजे से ब्लॉकों पर नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। रविवार को ही नामांकन पत्रों की जांच भी होगी। उपचुनाव की सभी कार्यवाहियां कोविड गाइडलाइन के तहत संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है।
- रवीश गुप्ता, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम