सुल्तानपुर। कूरेभार क्षेत्र में एक माह के बीच लूट और चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं में फरार दो अभियुक्तों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास दो तमंचे और लूट के 12 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं।
कूरेभार क्षेत्र में 10 मार्च को असलहे के जोर पर युवक से 25 हजार रुपये और आठ अप्रैल को दो महिलाओं से सोने की दो चेन लूटने की घटना में फरार चल रहे विजय कुमार वर्मा निवासी हरिनाम का पुरवा और ध्रुव कुमार दूबे निवासी संजय नगर थाना कूरेभार की पुलिस को तलाश थी।
शनिवार को कूरेभार थाने की टीम ने एनपुर नहर के पास से विजय कुमार और ध्रुव कुमार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो तमंचे, कारतूस के साथ ही 12 हजार पांच सौ रुपये भी बरामद हुए। एसओ ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने दोनों को जेल भेज दिया।