लंभुआ के तहसील समाधान दिवस में अपनी समस्या बताने के लिए खड़े पीड़ित। स्रोत- विभाग
लंभुआ। तहसील में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में शनिवार को सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 140 शिकायतें आईं। जिसमें 19 शिकायतों को निपटाने का दावा किया गया है। सर्वाधिक 56 शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं, जबकि पुलिस की 33 व विकास विभाग की 18 शिकायतें रही।
शिक्षा विभाग की एक व अन्य महकमों की कुल 13 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम व सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सदर, बल्दीराय, जयसिंहपुर व कादीपुर में उपजिलाधिकारियों ने शिकायताें की सुनवाई की।
केस-1
कर रहे सौर ऊर्जा का प्रयोग
तहसील समाधान दिवस में अजीबोगरीब मामला तातोमुरैनी (सिंघनपुर) गांव का पहुंचा। गांव के राम सुरेमन ने बताया कि उनकी मां धर्मा देवी के नाम से किसी ने फर्जी कनेक्शन करा दिया था। आज तक उनके घर तक न कोई खंभ गया और न ही तार खींचा गया है। वह सौर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मां के नाम जारी कनेक्शन पर 1,12,256 रुपये का बिल आ गया है।
..
केस-2
निरस्त किया जा रहा आवेदन
दहेव गोपालपट्टी निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि पति की काफी पहले मौत हो चुकी है। गांव की जमीन पट्टीदार हड़प लिए हैं। बेटे-बहू को लेकर किराये के मकान में रह रही हैं। चार-पांच बार निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया, लेकिन हमेशा निरस्त कर दिया जा रहा है, जबकि बेटे को जाति प्रमाणपत्र जारी किया गया है।
केस-3
नहीं हो रही कोई सुनवाई
नूरमपट्टी निवासी यशोदा ने बताया कि उन्हें कई वर्ष पहले ग्राम समाज भूमि पर पट्टा दिया गया था। इस पर अब विपक्षी दबंगई से घूर लगा रहे हैं। पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।