सुल्तानपुर। स्थानीय स्टेशन पर आने वाले यात्री इस वर्ष भी बारिश में प्लेटफार्म पर भीगेंगे। मंडल रेल प्रबंधक के आदेश के बावजूद रेल अफसरों ने तीनों प्लेटफार्मों पर यात्री शेड नहीं लगाए। 20 लाख के जारी बजट का सदुपयोग नहीं होने से दैनिक यात्रियों में अव्यवस्था के प्रति आक्रोश है।
मंडल रेल प्रबंधक ने वर्ष 2014 में सुल्तानपुर जंक्शन के निरीक्षण के दौरान तीनों प्लेटफार्मों पर यात्री शेड बढ़ाने का आदेश दिया था। आदेश के तहत प्लेटफार्म एक, दो व तीन के शेड को दक्षिणी छोर पर सिग्नल तक बढ़ाया जाना था। करीब 400 मीटर शेड बढ़ाने के लिए इंजीनियरिंग विभाग निर्माण इकाई को जिम्मेदारी दी गई थी।
बारिश व धूप से बचाने वाले अत्याधुनिक शेड के लिए तकरीबन 20 लाख की धनराशि अवमुक्त की गई। रेल अफसरों ने धनराशि को इधर-उधर खर्च कर प्रकरण को रफा-दफा कर दिया। ऐसे में जुलाई, अगस्त व सितंबर माह में होने वाली बारिश से प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा कर रहे यात्री बच नहीं सकेंगे।
स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना कहते हैं कि हाल ही में उन्होंने स्टेशन अधीक्षक का चार्ज लिया है। इंजीनियरिंग अफसरों से शेड लगाने के बारे में वार्ता की जाएगी। यात्री सुविधाएं हर हाल में मुकम्मल कराई जाएंगी।