सुल्तानपुर। दशहरा, दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर मंगलवार से 28 अक्तूबर तक शहर में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। अमहट, पयागीपुर, टाटियानगर, द्वारिकागंज और टेढ़ुई तिराहा समेत 11 प्रवेश स्थलों से भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। शहर के निवासी पहचान पत्र दिखाकर हल्के वाहनों से प्रवेश कर सकेंगे।
रोडवेज बसें टेढ़ुई तिराहे से शहर में आकर बस स्टेशन पहुंचेंगी और डीएम तिराहे से लौटेंगी। रावण के पुतला दहन के लिए मंगलवार दोपहर दो बजे से गभड़िया फ्लाईओवर पर आवागमन बंद रहेगा। 21 अक्तूबर को भरत मिलाप के दौरान पयागीपुर से आने वाले वाहनों को दरियापुर, पंचरास्ता और मालगोदाम होकर निकाला जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि मेला और प्रतिमा विसर्जन के दौरान ई रिक्शा समेत सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस को छूट मिलेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।