जिले के 163 परीक्षा केंद्रों पर आज से यूपी बोर्ड परीक्षा का आयोजन होगा। शासन के निर्देश के बावजूद जिले में किसी भी केंद्र पर परीक्षा में नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे का इंतजाम नहीं किया गया है। कई केंद्रों पर परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी नहीं है तो कहीं फर्नीचर टूटे-फूटे पड़े हैं।
शिक्षा विभाग के साथ-साथ पुलिस एवं प्रशासन भी यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जुटा हुआ है। बावजूद इसके बुधवार तक तैयारियां पूर्ण नहीं हो सकी थीं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में परीक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था। कई केंद्रों के कक्ष निरीक्षकों का परिचय पत्र भी नहीं बन सका था जिसे बुधवार को बनाया जा रहा था।
निरीक्षण को नहीं मिल सके वाहन
सुल्तानपुर। परीक्षा में औचक निरीक्षण के लिए तैनात किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं उड़ाका दल के सदस्यों को वाहन की व्यवस्था नहीं हो सकी। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी नजारत को वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था जहां से वाहन उपलब्ध नहीं कराए जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह के मुताबिक छह सचल दल एवं 36 सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए आपात स्थिति में प्राइवेट वाहन की व्यवस्था कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।