बूंदाबांदी के बीच मंगलवार को लंभुआ तहसील में आयोजित तहसील दिवस में सिर्फ 15 मामलों का निस्तारण हो सका। भूमि विवाद संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए एसडीएम को राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है। तहसील दिवस में कुल 131 शिकायतें आईं।
लंभुआ में मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले तहसील दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राम यज्ञ मिश्र ने की। तहसील दिवस में प्रार्थना पत्रों की सुनवाई के दौरान 131 फरियादी आए। 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारित करने का दावा किया गया। सीडीओ ने पुरानी शिकायतों को तीन दिन के भीतर निस्तारित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को देते हुए रिपोर्ट एसडीएम को उपलब्ध कराने को कहा। भूमि विवाद संबंधी मामलों में सीडीओ ने पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारण के निर्देश दिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने की भी हिदायत अधिकारियों को दी गई।
इस मौके पर सीएमओ डॉ. केबी सिंह, एसडीएम दिनेश चंद्र गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जयसिंहपुर तहसील में तहसीदार ज्ञानचंद गुप्ता की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। रिमझिम बारिश के बीच 105 शिकायतें आईं। इसमें चार के निस्तारण का दावा किया गया। सदर तहसील में भी तहसील दिवस का आयोजन हुआ।