बल्दीराय (सुल्तानपुर)। जीत की खुशी के बाद जुलूस निकालकर आतिशबाजी कर रहे नवनिर्वाचित प्रधान ने समर्थकों के साथ एक परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में प्रधान समर्थकों ने फायरिंग के साथ ही बमबाजी की। हमले में एक बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने प्रधान समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के चक्कारी भीट गांव के नवनिर्वाचित प्रधान मोहम्मद सम्मू उर्फ पप्पू अपने समर्थक जहीर अहमद, मोहम्मद सगीर, मुसीर अहमद, इमरान व अन्य लोगों के साथ जीत का जश्न मना रहे थे। इस बीच चक्कारी भीट गांव निवासी निसार अहमद के चाचा ने उनके दरवाजे पर हो रही आतिशबाजी से रोका।
परिवारीजनों का आरोप है कि आतिशबाजी से घर के पालतू जानवर भड़क रहे थे। बच्चे परेशान हो रहे थे। आतिशबाजी का विरोध किया गया तो नवनिर्वाचित प्रधान का पारा चढ़ गया और उसने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नवनिर्वाचित प्रधान के समर्थकों ने फायरिंग के साथ ही बमबाजी की। हमले में शफीक अहमद, नफीस अहमद, शाहिद अहमद व सोहेल अहमद को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने घटना की सूचना एसपी डॉ. विपिन मिश्र को दी।
एसपी के आदेश के बाद बल्दीराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नफीस अहमद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसओ बल्दीराय अमरेंद्र सिंह ने बताया कि परिवारीजनों की तहरीर पर नवनिर्वाचित प्रधान समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश रही है।