सुल्तानपुर। गौराटिकरी गांव के पास स्थित कुएं में रविवार की सुबह एक नवजात बच्ची की रोने की आवाज ग्रामीणों ने सुनी। ग्रामीणों ने बच्ची को निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नवजात बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस कर्मी नवजात को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करौंदीकलां थाना क्षेत्र के गौराटिकरी और हरीपुर गांव की सीमा पर एक कुआं है। रविवार की सुबह खेत गए ग्रामीणों ने कुएं से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी। देखते ही देखते मौके पर काफी ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने कुएं से नवजात को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 100 के साथ ही 108 एंबुलेंस को दी। सूचना के बाद 108 एंबुलेंस के ईएमटी राजकुमार गिरि ने बच्ची का निरीक्षण कर उसे कादीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एंबुलेंस कर्मी नवजात बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।