सुल्तानपुर। पिता के साथ मेला घूमने निकले दो बच्चों का एक्सयूवी सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना के वक्त मौजूद एक अन्य बच्चे ने इसकी सूचना अपहृत बच्चों के पिता को दे दी।
पिता की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने शहर से लेकर जिले की सीमा पर चेकिंग लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता देख अपहरणकर्ता दोनों बच्चों को शहर के अन्नू चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गए।
कोतवाली नगर क्षेत्र के दरियापुर निवासी अयूब खां शनिवार की रात करीब 10 बजे अपने बेटे मोहम्मद कैफ (9) और भांजे साजिद (5) को साथ लेकर शहर में लगा दुर्गापूजा मेला घुमाने निकले थे।
अयूब दोनों बच्चों के साथ शहर के पंचरास्ता के पास पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ ज्यादा होने के कारण उनका बेटा मोहम्मद कैफ और साजिद पीछे छूट गया। पंचरास्ता के पास मौजूद एक एक्सयूवी से दो लोग नीचे उतरे और कैफ और साजिद को खींचकर वाहन में बैठा लिया।
मेले में मौजूद एक बच्चा पूरी घटना देख रहा था। उसने भागकर इसकी सूचना अयूब खां को दे दी। जब तक अयूब वहां पहुंचे अपहरणकर्ता बच्चों को लेकर जा चुके थे।
अयूब ने इसकी सूचना गभड़िया पुलिस चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव को दी। एसआई ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल वायरलेस सेट से अपहरण का मैसेज पास कर दिया।
एसआई की त्वरित कार्रवाई से पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शहर से लेकर जिले की सीमा को सील कर सभी वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों को सर्तकता और सक्रियता को देख अपहरणकर्ता दोनों बच्चों को शहर के अन्नू चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गए।
मेले में ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों बच्चों को अन्नू चौराहे के पास देखा तो पूछताछ की। दोनों बच्चों को पुलिस कर्मी अपने साथ कोतवाली लाए। पुलिस की पूछताछ में दोनों बच्चों ने बताया कि काली रंग की चार पहिया गाड़ी थी। गाड़ी में तीन लोग बैठे थे।