संयुक्त जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने से मरीजों को होने वाली दिक्कत जल्द ही दूर होने वाली है। मरीजों की मांग पर सीएमओ ने सीएचसी तिलोई में निष्प्रयोज्य पड़ी मशीन मंगवाकर सोमवार को जिला अस्पताल में स्थापित करवा दी।
संयुक्त जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की कवायद तेज हो गई है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने से मरीजों को होने वाली दिक्कत दूर हो सके इसके लिए विभाग ने अपने स्तर पर कोशिश की है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव के आदेश पर सीएचसी तिलोई में निष्प्रयोज्य पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीन को वहां से मंगवाकर जिला अस्पताल में स्थापित करवा दिया है।
विभाग की कोशिश चिकित्सकों व कर्मचारियों की जल्द नियुक्ति कर एक-दो दिन में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने की है। सीएमओ ने बताया कि मशीन संचालित होने वाले के बाद चिकित्सीय परीक्षण, गर्भवती महिलाओं के साथ ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों को इलाज से पहले होने वाली जांच में सहूलियत मिलेगी।