सुल्तानपुर। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड का चार करोड़ रुपये से नया कार्यालय भवन बनाया जाएगा। विभाग से अनुमति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। स्वीकृति के बाद नए भवन का निर्माण होगा।
पीडब्ल्यूडी का मौजूदा कार्यालय जर्जर हो गया है। अधिशासी अभियंता ने कार्यालय के बगल स्थित स्टोर कक्ष की भूमि पर नया कार्यालय बनाने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी थी। रिपोर्ट पर मुख्यालय ने अनुमति दे दी है। विभाग नए भवन के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार करने में जुट गया है। विभाग के मुताबिक, नए कार्यालय के निर्माण पर करीब चार करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
अधिशासी अभियंता के कक्ष के साथ सभी सहायक अभियंताओं के कक्ष बनाए जाएंगे। कार्यालय, अन्य कक्षों व अतिथि रूम का निर्माण होगा। अभी एक तल बनवाने की कार्ययोजना चल रही है। जरूरत पड़ने पर भवन को दो तल किया जाएगा। नया भवन बनाने के लिए स्टोर परिसर में बने कक्षों को ध्वस्त किया जाएगा। इसके लिए भूमि को चिह्नित कर लिया गया है।
तैयार की जा रही कार्ययोजना
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि नए भवन की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्ययोजना की स्वीकृति मिलने के बाद नए भवन का निर्माण कराया जाएगा।