सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज को नई डिजिटल एक्सरे मशीन की सौगात मिली है। इसे नए भवन में इंस्टॉल किया जाएगा, साथ ही पुरानी मशीन को भी नई बिल्डिंग में इंस्टॉल कराने की तैयारी है।
मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों का प्राथमिक उपचार कर चिकित्सक हड्डी रोगियों को एक्सरे कराने के लिए भेज देते हैं। अभी एक्सरे मशीन पुरानी बिल्डिंग में संचालित है, इसलिए हाथ और पैर की हड्डी टूटने या गंभीर चोट लगने पर मरीजों को वहां तक पहुंचने व भीड़ के चलते एक्सरे के लिए काफी देर परेशान होना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने शासन को पत्र भेजकर एक्सरे मशीन खरीदने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद एक्सरे मशीन मेडिकल कॉलेज में आ गई है। नई बिल्डिंग में इंस्टॉल कराने की तैयारी चल रही है।
प्राचार्य डॉ.सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि नई मशीन लगने से मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। मशीन को इंस्टॉल होने में एक हफ्ते का समय लग सकता है।