अमेठी। जनपद में औद्योगिक वातावरण बनाने के साथ व्यापारियों की समस्या दूर करने के लिए शासन के निर्देश पर जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में एक जनपद एक उत्पाद को बढ़ावा देने के साथ नवंबर माह तक जारी उद्योग आधार की बिंदुवार समीक्षा हुई। समीक्षा के बाद डीएम ने जिम्मेदारों को व्यापारियों की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
शासन के निर्देश पर जनपद में औद्योगिक वातावरण के साथ व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए बृहस्पतिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक हुई।
बैठक में डीएम अरुण कुमार ने एक जनपद-एक उत्पाद योजना को सफल बनाने की रणनीति तैयार की। इस दौरान डीएम ने वित्त पोषण हेतु सहायता योजना, विद्युत भार स्वीकृति एवं ऊर्जीकरण, पूंजी निवेश, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार व सुरक्षा संबंधी बिन्दुओं समीक्षा की।
इस दौरान वित्तीय वर्ष 2019-20 में नवंबर माह तक मात्र 1,780 उद्योग आधार जारी होने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। डीएम ने उद्योग स्थापना के लिए 87 आवेदनों में से मात्र सात आवेदकाें का ऋण स्वीकृत होने तथा लक्ष्य पूरा नहीं होने पर एलडीएम को बैंकवार समीक्षा कर लक्ष्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान व्यापारियों की ओर से उठाई गई जर्जर सड़क, नालों की सफाई तथा बिजली समेत अन्य समस्याओं को संबंधित विभाग को सौंपते हुए डेडलाइन में गुणवत्ता परक ढ़ग से निरस्तारण का निर्देश दिया।
डीएम ने व्यापारियों की समस्याएं लंबित रहने तथा जनपद में उद्योग स्थापना के लिए निर्धारित वित्त पोषण लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।