सुल्तानपुर। गोराबारिक स्थित हनुमंत मैटरनिटी एंड ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन के बाद 13 मई को हुई वृद्धा की मौत मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम ने सीएमओ को रिपोर्ट दी। जिसमें चिकित्सकीय लापरवाही की बात सामने आई है। टीम ने अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना से हटाने की सिफारिश की है।
सीएमओ ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दिया है। जांच टीम के अध्यक्ष एसीएमओ डॉ. राधा बल्लभ ने बताया कि टीम में एसीएमओ डॉ. लालजी और सर्जन डॉ. अंतरिक्ष श्रीवास्तव शामिल थे। बताया कि जांच में सामने आया है कि कुड़वार की महराजगंज निवासी 63 वर्षीय शिवकुमारी को 13 मई 2025 को ऑपरेशन के बाद बुखार आया।
रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. मानसी तोमर और डॉ. अमित कुमार जायसवाल ने पूरी रात मरीज को नहीं देखा। डॉ. डीबी सिंह ने अगले दिन सुबह नौ बजे मरीज की जांच की। बताया कि जांच में पता चला कि एनेस्थेटिस्ट डॉ. रवि कौशिक और एएनएम अंजली यादव आयुष्मान भारत योजना में पंजीकृत नहीं थे। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में भी गड़बड़ी मिली।
कार्रवाई की जाएगी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई है। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद डीएम के निर्देश पर अस्पताल व संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. भारत भूषण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी