सुल्तानपुर। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने ऑनलाइन पाठ्यक्रम तैयार किया है। यह पाठ्यक्रम यूपी बोर्ड व सीबीएसई की तैयारियों को लेकर तैयार किया गया है।
इसमें प्रत्येक बोर्ड के परीक्षार्थी आवेदन कर परीक्षा की निशुल्क तैयारी कर सकेंगे। स्वयं पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 22 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। डीआईओएस कार्यालय के परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयार किए गए इस पाठ्यक्रम को छात्र-छात्राओं की सुविधानुसार बनाया है। परीक्षार्थियों को ई-ट्यूटोरियल के माध्यम से एक ही जगह पर सभी विषयों की जानकारी मिलेगी।
अन्य किसी वेबसाइट पर जानकारी नहीं खोजनी पड़ेगी। एनसीआरटी के विषय विशेषज्ञों की टीम ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए विषयवार तैयारी करने की वीडियो अपलोड की है। छात्र अपनी समय सुलभता के अनुसार वीडियो देख पाएंगे। पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक लाने वालों को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।