सुल्तानपुर। अन्तरमहाविद्यालयी पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में शुक्रवार को नंदिनीनगर महाविद्यालय,गोंडा की टीम ने साकेत पीजी कॉलेज को तीन विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। नंदिनी नगर के कप्तान संजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज, कलान के उरेहा क्रिकेट मैदान पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अन्तरमहाविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। शुक्रवार को फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंदौली के डीएफओ दिनेश प्रताप सिंह व विशिष्ट अतिथि काॅलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने किया। टॉस साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। नंदिनी नगर के गेंदबाज अभिषेक के 3.5 ओवर में 15 रन, तीन विकेट व ओम कश्यप के चार ओवरों में 11 रन और दो विकेट की कसी गेंदबाजी के बदौलत साकेत पीजी कॉलेज की पूरी टीम 19.5 ओवरों में कुल 104 रनों पर पवेलियन लौट गई।
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए नंदिनी नगर पीजी कॉलेज गोंडा की टीम ने 12.2 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। विजयी टीम के राजा कुमार को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। प्रतियोगिता में श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, मार्गदर्शक उदय प्रकाश सिंह, अतुल कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह ने पुरस्कार वितरण किया।